मशाल रैली निकालकर दिया खेल के प्रति जागरुकता का संदेश
डीएम ने किया रवाना, छात्राओं ने दी प्रस्तुति, जिला कारागार में भी पहुंची
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के तृतीय संस्करण का आयोजन किया जा रहा है। खेलों के प्रति जन जागरूकता के लिए सभी जनपदों में मशाल रैली पहुंच रही है। बुधवार को मशाल रैली ने जिले में भ्रमण किया।
मशाल को जिलाधिकारी रवि रंजन एवं मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन को सौंपा गया। डीएम ने हरी झंडी दिखाकर मशाल को जनपद के विभिन्न स्थानों में जन जागरुकता के लिए रवाना किया। मशाल सबसे पहले उच्च प्राथमिक विद्यालय दबरई भेजी गई। उसका स्वागत उप जिलाधिकारी मनोज कुमार और बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पांडेय ने किया। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की छात्राओं के द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। इसके बाद मशाल रैली आसफाबाद चौराहे, ककरऊ कोठी से होते हुए दाऊ दयाल स्टेडियम पहुंची। जिला क्रीड़ा अधिकारी राहुल चोपड़ा एवं जिला युवा अधिकारी मनीष चंद्र द्वारा स्वागत किया।
मशाल को बंदी सुधार कार्यक्रम की कड़ी में जिला कारागार फिरोजाबाद में भेजा गया। वहां इसका स्वागत जेल अधीक्षक अरुण कुमार एवं जेलर आनंद सिंह ने किया। शहर के विभिन्न विद्यालयों और सरकारी कार्यालय में मशाल रैली पहुंची। जिला क्रीड़ा अधिकारी राहुल चोपड़ा, जिला युवा अधिकारी मनीष चौधरी ने मशाल को जनपद जालौन के लिए रवाना किया।