फिरोजाबाद। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा कराने की तैयारियां तेज कर दी हैं। 102 कॉलेजों को परीक्षा केंद्र बनवाया है। इस बार 23 केंद्र कम कर दिए गए हैं। शासन से परीक्षा केंद्र कम करना कॉलेज प्रधानाचार्यों के लिए सिर दर्द बन गया है। क्योंकि कई केंद्रों पर क्षमता से अधिक छात्र आवंटित कर दिए हैं। यही कारण है कि दो दिन में 52 आपत्तियां डीआईओएस कार्यालय में आ गई हैं। बीते साल 125 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा कराई गई थी। इस बार करीब सात हजार छात्र कम हुए है तो शासन ने 23 केंद्रों को कम कर दिया है। बोर्ड ने प्रस्तावित केंद्रों की सूची में इस बार 54 सहायता प्राप्त, 38 वित्तविहीन और 10 राजकीय इंटर कॉलेजों को शामिल किया है।
वहीं, जिन कॉलेजों को परीक्षा केंद्र बनवाया है, वहां छात्र संख्या अधिक कर दी गई है। ऐसे में शासन से आवंटित छात्र संख्या के अनुसार परीक्षा कराने में जनपद के प्रमुख कॉलेजों ने असहमति जताई है। क्योंकि आवंटित छात्र संख्या के अनुसार स्कूलों में न तो फर्नीचर है और न ही कमरे हैं। स्टाफ भी ज्यादा नहीं है। रविवार को भी कार्यालय में प्रधानाचार्य अपनी आपत्तियों को लेकर पहुंचे। डीआईओएस कार्यालय में आ रही आपत्तियों को देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि परीक्षा केंद्रों की संख्या बढ़ाई जा सकती है।
- कॉलेजों से परीक्षा केंद्रों की सूची जारी कर दी गई है। कॉलेजों से आपत्ति पत्र भी मांगे जा रहे हैं। इन सभी आपत्तियों पर विचार किया जाएगा। जो आपत्ति सही होगी, उसे शासन को भेजा जाएगा। निशा अस्थाना, डीआईओएस
केस नंबर एक
शहर के इस्लामिया इंटर कॉलेज में हाईस्कूल में 733 और इंटरमीडिएट में 737 छात्र आवंटित किए हैं। जबकि कॉलेज में अधिकतम 500 परीक्षार्थियों की परीक्षा दिलाने की क्षमता है। प्रधानाचार्य आबाद हुसैन ने आपत्ति लिखित दर्ज करा दी है।
केस नंबर दो
- छोटेलाल इंटर कॉलेज में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के 1250 छात्र-छात्राओं को कॉलेज आवंटित कर दिया है। जबकि कॉलेज में फर्नीचर, कक्ष के हिसाब से अधिकतम एक हजार छात्र परीक्षा दे सकते हैं। प्रधानाचार्य कौशलेंद्र ने भी आपत्ति पत्र दिया है।
केस नंबर तीन
- शिकोहाबाद के पाली इंटर कॉलेज में 39 कॉलेजों का सेंटर आया है। इसमें 1500 छात्र संख्या आवंटित कर दी है। इतने अधिक छात्रों की परीक्षा कराने के लिए कॉलेज ने हाथ खडे़ कर लिए हैं। क्योंकि यहां अधिकतम 1200 छात्रों के परीक्षा देने का इंतजाम हैं।
केस नंबर चार
शहर के राष्ट्रीय श्रमिक इंटर कॉलेज में हाई स्कूल के 454 और इंटर मीडिएट में 450 परीक्षार्थी आवंटित किए हैं। प्रधानाचार्य उमेश चंद्र यादव ने बताया कि एक पाली में अधिकतम 300 छात्र परीक्षा दे सकते हैं।
इन तहसील में बने इतने हैं परीक्षा केंद्र
फिरोजाबाद, 33
टूंडला, 14
सिरसागंज, 16
शिकोहाबाद, 19
जसराना, 20
छात्र संख्या पर एक नजर
. 41130, हाईस्कूल
. 36236, इंटरमीडिएट