शिकोहाबाद। संयुक्त चिकित्सालय महिला अस्पताल में रात के समय स्टाफ द्वारा लापरवाही बरती जा रही है। जिससे प्रसूता और उनके परिवार के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बीती रात एक महिला को परिजन प्रसव कराने के लिए अस्पताल लाए, लेकिन यहां तैनात स्टाफ ने महिला को भर्ती नहीं किया और न ही कोई जांच कराना उचित समझा। कुछ ही देर में महिला ने अस्पताल परिसर में खुले में बच्चे को जन्म दिया। स्टाफ की लापरवाही की महिला के पति ने सीएमओ और जिलाधिकारी से शिकायत की है।
संयुक्त चिकित्सालय महिला अस्पताल में नई बस्ती बोझिया निवासी जय प्रकाश अपनी पत्नी मधु को प्रसव के लिए एंबुलेंस से लेकर आया। रात में अस्पताल में तैनात स्टाफ ने परीक्षण के बाद चार घंटे बाद बच्चा पैदा होने की बात कह कर उसे बाहर जाने के लिये कहा। परिजन के काफी प्रयास के बाद भी उसे भर्ती नहीं किया गया। इसके बाद परिजन महिला को लेकर बाहर आ गए।
कुछ ही देर में अस्पताल से 50 मीटर की दूरी पर स्थित ट्यूबवेल के पास रात सवा 12 बजे सड़क पर ही महिला ने बच्चे को जन्म दिया। आरोप है कि इसकी जानकारी जब स्टाफ को दी, तो भी स्टाफ नहीं पहुंचा। परिजन खुद स्ट्रेचर खींच कर लाए और अन्य लोगों की मदद से अंदर लेकर गये। पीड़ित ने स्टाफ पर सुविधा शुल्क मांगने का भी आरोप लगाया है। इस संबंध में सीएमएस डॉ. सत्यप्रकाश शर्मा का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में आया है। मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।