फिरोजाबाद। बृहस्पतिवार शाम हुए विवाद को लेकर शुक्रवार को एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के एक युवक की पिटाई कर दी। इसे लेकर दोनों पक्ष आमने सामने आ गए। इस दौरान पथराव और फायरिंग भी हुई। इसी बीच गोली लगने से एक शख्स घायल हो गया। वहीं एक अन्य शख्स पत्थर लगने से घायल हो गया।
मटसेना थाना क्षेत्र के गांव सेंगरी में बृहस्पतिवार को लंबी कूद का आयोजन किया गया था। इस दौरान गांव के चंद्रशेखर व नीलेश के बीच विवाद हो गया। ग्रामीणों ने हस्तक्षेप कर विवाद को शांत करा दिया था। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि शुक्रवार को चंद्रशेखर किसी कार्य से फिरोजाबाद जा रहा था। तभी गांव के बाहर नीलेश पक्ष ने चंद्रशेखर को रोक कर पिटाई कर दी। चंद्रशेखर किसी तरह से घर आया। आरोप है कि विरोध करने पर दूसरे पक्ष ने पथराव और फायरिंग कर दी। फायरिंग के दौरान चंद्रशेखर पक्ष से राजपाल गोली लगने और चंद्रशेखर पत्थर लगने से घायल हो गया। सूचना पर मटसेना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। तब तक आरोपी भाग गए। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। थानाध्यक्ष मटसेना शैलेंद्र सिंह चौहान का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच बृहस्पतिवार को झगड़ा हुआ था। उसी विवाद को लेकर मारपीट और पथराव के साथ फायरिंग की गई थी। एक को गोली लगी है। जबकि दूसरा व्यक्ति मारपीट के दौरान घायल हुआ है। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।