फिरोजाबाद। कोरोना से बचाव के लिए 25 मार्च से लॉकडाउन लागू होने के कारण मेडिकल स्टोरों पर दवाओं के साथ राशन सामग्री की कमी भी खलने लगी थी। क्योंकि गैर जनपदों से सुहागनगरी में माल नहीं पहुंच रहा था। जिसको लेकर लोगों को दिक्कत हो रही थी। मरीजों के तीमारदार दवाओं के लिए दर दर भटक रहे थे। गंभीर बीमारी की दवाएं मेडिकल स्टोरों पर नहीं थी। जिसके चलते जिला प्रशासन ने ट्रांसपोर्ट स्वामियों को बाहर से माल मंगाने की अनुमति प्रदान कर दी है। जिला प्रशासन द्वारा दी गई अनुमति के बाद सुहागनगरी में ट्रकों से माल आना शुरु हो गया है। ट्रांसपोर्ट स्वामी अजय गुप्ता ने बताया कि वर्तमान में ट्रकों के माध्यम से केवल दवाओं के साथ राशन सामग्री मंगाई जा रही है। जिसमें दैनिक प्रयोग में आने वाला सामान भी शामिल है। वहीं ट्रकों से ट्रांसपोर्ट में आने वाला माल रेड़ियों के माध्यम से व्यापारियों तक पहुंचाया जा रहा है। लेकिन माल लेकर आ रहे ट्रकों को रास्ते में पुलिस द्वारा परेशान किए जाने के कारण माल समय से नहीं आ पा रहा है। वहीं शहर के प्रमुख किराना बाजार बजरिया में भी प्रतिदिन ट्रकों से राशन सामग्री का आना शुरु हो गया है। लॉकडाउन के बीच सुहागनगरी में माल आने के साथ व्यापारियों के साथ मेडिकल संचालक भी राहत मेहसूस कर रहे है। वहीं गंभीर बीमारियों की दवाएं भी मेडिकल स्टोरों पर मिलना शुरु हो गई है। जिसके चलते तीमारदारों को दवाओं के लिए भटकना नहीं पड़ रहा।