फिरोजाबाद। विश्वविद्यालय की कमियों का खामियाजा छात्र-छात्राओं को भुगतना पड़ रहा है। फेल विषयों की पुनर्परीक्षा देने के बाद परिणाम पुन: घोषित हुआ है। रिजल्ट में वह अब उस विषय में फेल दिखा रहे हैं, जिसमें परीक्षार्थी पहले उत्तीर्ण थे। सैकड़ों छात्र-छात्राएं विवि के इस रिजल्ट के कारण तनावग्रस्त हैं। छात्र-छात्राएं भीषण गर्मी में कॉलेजों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं।
नई शिक्षा नीति के तहत विवि द्वारा अब सेमेस्टरवाइज परीक्षाएं कराई जा रही हैं। साल में दो बार परीक्षाएं तो विवि ने कराना शुरू कर दिया है, लेकिन परीक्षाओं के परिणाम को लेकर जिस नोडल एजेंसी को जिम्मेदारी सौंपी है, वह छात्र-छात्राओं का तनाव बढ़ा रही है। सबसे ज्यादा परेशानी पुनर्परीक्षा देने वाली छात्राओं को हो रही है। मुख्य परीक्षा में एक विषय में री आने पर इन छात्राओं ने पुनर्परीक्षा के फॉर्म भरे।
पुनर्परीक्षा में बैठी तथा पास भी हो गई, लेकिन अब जब विवि ने पुनर्परीक्षा के बाद फिर से रिजल्ट को घोषित किया है तो कई छात्राओं को पुनर्परीक्षा में तो पास दिखाया है, लेकिन किसी अन्य विषय में फेल दिखा दिया है। संवाद