शिकोहाबाद। एलएलबी के छात्र ने किसी बात से परेशान होकर फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज फिरोजाबाद भेजा है।
गाजियाबाद के थाना साहिबाबाद राजेंद्र नगर निवासी ऋतिक (22) थाना क्षेत्र के अंतर्गत मोहल्ला खेड़ा नेहा रोड निवासी राजीव यादव के यहां किराए के कमरे पर रह रहा था। पुलिस के अनुसार वह एलएलबी की पढ़ाई करने के लिए शहर आया हुआ था। उसके माता-पिता का सालों पहले निधन हो चुका था। उसका एक बड़ा भाई गाजियाबाद में किसी बैंक में कार्यरत है। शुक्रवार को ऋतिक काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकला। उसका कमरा अंदर से बंद था। राजीव ने जब उसके कमरे के अंदर झांककर देखा तो उसके होश उड़ गए। कमरे के अंदर ऋतिक का शव फंदे से लटका हुआ था। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। शव को उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज फिरोजाबाद भेजा है।