फिरोजाबाद। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से स्वशासी मेडिकल कॉलेज की ब्लड बैंक में 1 अक्तूबर को सुबह नौ बजे से विश्व स्वैच्छिक रक्तदाता दिवस के अवसर पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। व्यापारी, सामाजिक संगठन और आमजन को शिविर में आमंत्रित किया गया। प्रत्येक रक्तदाता को अमर उजाला की ओर से सम्मानित किया जाएगा। एक कार्ड भी उपलब्ध कराया जाएगा, इसके माध्यम से किसी भी सरकारी ब्लड बैंक से तीन माह तक रक्त अपनी स्वेच्छा से दिला सकेंगे।ब्लड बैंक की विभागध्यक्ष डॉ. गरिमा सिंह ने बताया कि यह रक्त घायल और गर्भवती महिलाओं या किसी गंभीर बीमारी से पीडि़त मरीजों की जान बचाने के लिए आता है। रक्त का कोई विकल्प नहीं है, इसलिए सिर्फ रक्तदान करके ही लोगों की जान बचाई जा सकती है। रक्तदान करने से कोई कमजोरी नहीं आती है, बल्कि यह एक पुनीत कार्य है। रक्तदान से कोशिकाएं बनती हैं। यह रक्त प्रवाह को सामान्य बनाए रखता है। वजन नियंत्रित रहता है। रक्तदान करने वाले व्यक्ति की उम्र 18 से 65 साल होनी चाहिए। संबंधित व्यक्ति का वजन 45 किलोग्राम से अधिक हो। स्वस्थ महसूस करने वाला इंसान रक्तदान कर सकता है। उन्होंने बताया कि गर्भवती महिला, जल्द ही टैटू बनवाने वाला व्यक्ति या हीमोग्लाेबिन 12.5 ग्राम से कम है तो रक्तदान नहीं कर सकते हैं।