फिरोजाबाद। अंत्योदय एवं पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को राशन सामग्री का वितरण दस जनवरी से प्रारंभ होगा। राशन दुकानदारों की कमीशन बढ़ाने की मांग को लेकर चल रही हड़ताल भी मंगलवार को समाप्त हो गई। इसके कारण राशन सामग्री का वितरण सभी दुकानदार करेंगे। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत पात्र गृहस्थी कार्डधारकों एवं अंत्योदय कार्डधारकों को राशन सामग्री का वितरण 10 जनवरी से प्रारंभ होकर 25 जनवरी तक चलेगा। जिला पूर्ति अधिकारी स्वीटी कुमारी ने जिले के सभी राशन दुकानदारों से कहा है कि वह राशन सामग्री का समय से वितरण कराएं। इधर ऑल इंडिया फेयर प्राइज शॉप एसोसिएशन के द्वारा राशन दुकानदारों का कमीशन बढ़ाने की मांग को लेकर की जा रही हड़ताल का भी हल मंगलवार की शाम को निकाल आया। एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष अली मोहम्मद एवं जिला प्रभारी अनिल कुमार यादव ने बताया कि खाद्य आयुक्त से वार्ता के साथ ही हमारा कमीशन 200 रुपये किए जाने का प्रस्ताव मुख्यमंत्री को भेज दिया है। इसके कारण हड़ताल समाप्त किए जाने के साथ राशन सामग्री का वितरण 10 जनवरी से विधिवत होगा।