मटसेना का कोटेदार खाद्यान्न के गबन के मामले में फंसा
फिरोजाबाद। फर्जी यूनिट से खाद्यान्न के गबन में मटसेना का कोटेदार फंस गया। कोटेदार के खिलाफ खाद्यान्न के गबन मामले में थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। मटसेना में राशन डीलर के खिलाफ शिकायत होने पर तत्कालीन पूर्ति निरीक्षक ने जांच की। जांच में कई राशन कार्ड पर फर्जी यूनिट पकड़ी गई। बताया जाता है कोटेदार ने कई कार्ड धारकों में फर्जी यूनिट बढ़वा रखी थी। फर्जी तौर पर बढ़ाई गई यूनिट का खाद्यान्न कोटेदार अपने पास ही रखता था। वहीं कार्ड धारकों को उतने ही यूनिट का खाद्यान्न देता था। यह मामला पकड़ में आने के बाद विभाग की जांच रिपोर्ट के आधार पर कोटेदार के खिलाफ गबन का मुकदमा दर्ज कराने के लिए थाने में तहरीर दी है। सहायक पूर्ति निरीक्षक राजेश कुमार का कहना है कि कोटेदार अमन सिंह के यहां पर फर्जी यूनिट का खेल पकड़ा गया था। इस मामले में उसके खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है। संवाद