सिरसागंज। थाना नगला खंगर के ग्राम जैमतपुर में सोमवार की रात पति ने अपनी पत्नी और बच्चे पर गढ़ासे से प्रहार कर गम्भीर रूप से जख्मी कर दिया था। जिसमें तीन साल के मासूम किटटू की मौत हो गई थी। गंभीर रूप से घायल रेनू का आगरा में इलाज चल रहा है।
जैमतपुर की घटना के बाद रेनू के पिता राजबहादुर ने आरोपी पति नरेंद्र उर्फ रिंकू के विरुद्ध थाना नगला खंगर में किटटू की हत्या और उनकी बेटी रेनू के हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज करा दिया है। थाना प्रभारी गिरीश चंद्र ने बताया कि आरोपी नरेंद्र की तलाश के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं।
जबकि पोस्टमार्टम के बाद किटटू का शव उसके मामा देवेंद्र के सुपुर्द कर दिया गया। किटटू का अंतिम संस्कार उसकी ननिहाल महावन मथुरा में किया गया। देवेंद्र ने बताया कि अब रेनू की हालत में सुधार है। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि आरोपी नरेंद्र की जल्द से जल्द पकड़ा जाए। उसे सख्त सजा दिए जाने की मांग की।