शिकोहाबाद। सैंकड़ों वर्ष पुराने काली देवी मंदिर का मुख्य मार्ग जर्जर हालत में है। यहां से होकर गुजरने वाले भक्तों को परेशानी उठानी पड़ती है। इस मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे हैं। इस मार्ग पर अन्य मंदिर व तीन मस्जिद भी पढ़ती हैं।
सैंकड़ों वर्ष पुराना काली देवी का मंदिर बड़ा बाजार में स्थित है। स्टेशन रोड से लगभग डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर स्थित इस मंदिर में मैया के दर्शनों के लिए जाना भक्तों के लिए गड्ढा युक्त सड़क होने के कारण मुश्किल हो रहा है। इस मार्ग पर तीन मस्जिद भी स्थिति हैं। इस कारण मार्ग से मुस्लिम समुदाय के लोगों का नमाज के लिए आवागमन होता है।
इस सड़क को काफी कहने-सुनने के बाद तीन साल पहले बनाया गया था, लेकिन कुछ ही समय में इसके निर्माण की गुणवत्ता की कलई खुल गई। अब यहां से होकर गुजरना सबसे बड़ी दुश्वारी बन चुका है।
शहजाद, स्थानीय निवासी
इस सड़क से होकर कांवड़ियों का भी आवागमन होता है, जिनके चलते कुछ समय पहले गिट्टी बिछवाई गई थीं, लेकिन वो बारिश में ही उखड़ गई। तब से इस सड़क का ये हाल है। किसी जनप्रतिनिधि और अधिकारी का इस ओर कोई ध्यान नहीं है।
पप्पू-स्थानीय निवासी
नगर पालिका द्वारा टूटी हुई सड़कों को सही कराने के लिए टेंडर निकाला जा रहा है। जल्द ही इस सड़क को भी ठीक कराया जाएगा।
सुरेंद्र प्रताप, ईओ नगर पालिका परिषद शिकोहाबाद
- बोर्ड मीटिंग में इस सड़क का प्रस्ताव पास कर दिया गया है। इसको जिलाधिकारी कार्यालय भेजा गया है। वहां से फाइल पास होते ही इस सड़क के निर्माण का कार्य शुरू हो जाएगा।
रानी गुप्ता, पालिकाध्यक्षा