फिरोजाबाद। टेबलेट वितरण के बाद शासन स्तर से मांगी जा रही ऑनलाइन हाजिरी और अन्य जानकारी को लेकर विरोध जनपद में शुरू हो गया है। जूनियर शिक्षक संघ ने सोमवार को बीएसए कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया। दोपहर बाद महानिदेशक स्कूल शिक्षा को संबोधित ज्ञापन भी सौंपा।जिला महामंत्री आनंद श्रोती ने कहा कि परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों में विभाग की ओर से टेबलेट बिना सिम कार्ड दिए टेबलेट के उपयोग करने, विभाग व अधिकारियों की ओर से दबाव बनाया जा रहा है। शिक्षकों ने कहा कि विभाग की ओर से उपलब्ध कराए गए टेबलेट के माध्यम से विद्यालय में अध्ययनरत छात्राओं की उपस्थिति और मध्याह्न भोजन की सूचना ऑनलाइन भेजने का दबाव विभागीय अधिकारियों द्वारा डाला जाता है। अधिकारियों की ओर से शिक्षकों को अपने व्यक्तिगत आईडी कार्ड के माध्यम से सिम कार्ड खरीदने के लिए दबाव बनाया जा रहा है, जो कि नियमानुसार सही नहीं है। धरने में जिलाध्यक्ष ओपी यादव, टीकम सिंह, यतेंद्र यादव, शैलेंद्र यादव, रामवीर सिंह, आदेश यादव, दिनेश कुमार, सुरेंद्र पाल सिंह, विवेक जैन, प्रवीण कुमार, मुकेश कुमार, राकेश पाल सिंह, यशवंत कुमार पचौरी, हरपाल सिंह आदि शामिल हुए।-