हाईवे पर विद्युत विभाग के जेई की कार ट्रॉला से टकराई, दो घायल
नगला कोठी के पास ओवरटेक करने के दौरान हुआ हादसा, कार को घसीट ले गया ट्रॉला
संवाद न्यूज एजेंसी
शिकोहाबाद। सोमवार रात को राष्ट्रीय राजमार्ग पर बड़ा हादसा होने से टल गया। विद्युत विभाग के जेई की कार तेज स्पीड में ट्रॉला से टकराकर सामने आ गई और घिसटती हुई चली गई। लोगों ने किसी तरह ट्रॉला को रुकवाकर कार सवारों को बचाया। सोमवार रात एक कार फिरोजाबाद से शिकोहाबाद की ओर आ रही थी। जिसमें फिरोजाबाद में विद्युत विभाग में जेई के पद पर कार्यरत कयूमुददीन सवार थे। कार को उनका चालक सोमवीर यादव चला रहा था। कार सवार जब नगला कोठी के समीप पहुंचे। तभी अचानक कार आगे चल रहे ट्रॉला को ओवरटेक करने का प्रयास करने लगी। इस प्रयास में कार ट्रॉला से टकराकर उसके सामने आ गई। कार चालक एवं जेई की चीखें निकल गईं। वहीं ट्रॉला चालक भी कुछ समझ पाता उससे पहले ही वह कार को घसीटता हुआ कुछ दूरी पर ले गया। हाईवे पर मौजूद लोग भी चीख उठे। लोगों ने ट्रॉला को रूकवाया। जिसके बाद कार चालकों को कार से बाहर निकाला गया। दोनों को ही मामूली चोट आई है। जिन्होंने निजी चिकित्सालय में उपचार करवाया है। घटना के बाद ट्रॉला चालक गंतव्य के लिए रवाना हो गया।