टूंडला। शनिवार शाम एटा-टूंडला मार्ग पर कोटकी के पास सड़क निर्माण कार्य चलने से जाम लग गया। इस दौरान प्रेशर से सड़क साफ करने पर उठते धूल के गुबार से जाम में फंसे लोग परेशान रहे। वाहनों में सवार यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
पिछले कुछ समय से टूंडला-एटारोड पर सड़क निर्माण कार्य चल रहा है। पिछले दिनों में सड़क निर्माण कार्य रात्रि में किया जा रहा था, किंतु शनिवार को यह कार्य सुबह से ही शुरू कर दिया गया। इसके चलते आनेजाने वाले वाहनों को कच्चे मार्ग से गुजारने एवं सड़क की प्रेशर मशीन से सफाई करने पर धूल के गुबार उड़ते रहे।
सड़क निर्माण होने से जहां सड़क के दोनों ओर वाहनों की लाइनें लगने से जाम लगा रहा। वहीं धूल उड़ने से वाहनों में सवार लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। सबसे अधिक परेशान बस, ऑटो व बाइक सवारों को हुई। धूप गर्मी व धूल के गुबार उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जाम में एटा से आगरा ले जा रही एंबुलेंस भी जाम में फंसी रही।