जिला कारागार में सब्जियों व फूलों से गुलाल तैयार करते बंदी। स्रोतः कारागार
- फोटो : जिला कारागार में सब्जियों व फूलों से गुलाल तैयार करते बंदी। स्रोतः कारागार
फिरोजाबाद। होली के पावन पर्व को देखते हुए जिला कारागार में प्राकृतिक वस्तुओं से हर्बल गुलाल तैयार किया जा रहा है।
जेल अधीक्षक अमित चौधरी ने बताया कि इस हर्बल गुलाल को बनाने के लिए जेल परिसर के अंदर ही उगाई गई सब्जियों का प्रयोग किया जा रहा है। गुलाल तैयार करने के लिए मुख्य रूप चुकंदर, गाजर और पालक, गुलाब और गेंदे के फूल प्रयोग किए जा रहे हैं। इन प्राकृतिक सामग्रियों के उपयोग से गुलाल को अलग-अलग आकर्षक रंग दिए जा रहे हैं, जो त्वचा के लिए पूरी तरह सुरक्षित होंगे। बंदियों द्वारा निर्मित इस खास गुलाल को बिक्री के लिए भी उपलब्ध कराया जाएगा। कारागार में बंदियों से मिलने आने वाले परिजनों के लिए इसे बिक्री के लिए रखवाया जाएगा। इसके साथ ही आम जनता के लिए इसे खुले बाजार में भी बिक्री के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। इस पहल से जहां बंदियों को हुनर सीखने का मौका मिल रहा है, वहीं बाजार में लोगों को केमिकल मुक्त हर्बल गुलाल प्राप्त हो सकेगा।