फिरोजाबाद। सड़क मरम्मत एवं नव निर्माण कार्य में अनियमिता संबंधी शिकायत पर जांच पांच माह बाद भी जारी है। पांच माह बाद भी रिपोर्ट न मिलने और कार्रवाई न होने पर पार्षद बृहस्पतिवार को नगर आयुक्त से मिला। पार्षद के अनुसार नगर आयुक्त ने जांच रिपोर्ट तलब कर कार्रवाई का अश्वासन दिया है।
वार्ड 45 स्थित छोटेलाल इंटरमीडिएट कॉलेज से टॉवर वाली गली तक 15वें वित्त आयोग की करीब 59 लाख की धनराशि से सड़क मरम्मत व नव निर्माण कराया गया था। इसकी गुुणवत्ता पर पार्षद राकेश कुमार ने 30 जुलाई 2022 को नगर आयुक्त को शिकायती पत्र दिया था। उन्होंने शिकायत व सड़क गुणवत्ता की जांच के लिये तीन सदस्यीय कमेटी गठित की थी।
कमेटी में उप नगर आयुक्त, एक्सईन लोक निर्माण विभाग और अधिशासी अभियंता सिविल को नामित किया था। लेकिन क्षेत्रीय पार्षद का आरोप है कि लाखों की लागत वाली सड़क जांच का काम अभी तक पूरा नहीं किया गया है। पार्षद का कहना है कि कार्यदायी संस्था का ठेकेदार एक अन्य निगम पार्षद का सगा संबंधी है। इस कारण से जांच का काम पूरा नहीं किया जा रहा है। बृहस्पतिवार को पार्षद फिर नगर आयुक्त घनश्याम मीणा से मिला। उन्होंने जांच रिपोर्ट तलब कर ठेेकेदार पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।