फिरोजाबाद। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत जिला संयुक्त अस्पताल शिकोहाबाद में आईपीएचएल यानी इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैब बनाई जाएगी। इससे मरीजों की हर प्रकार की जांच एक ही जगह पर होकर उन्हें आसानी से रिपोर्ट मिल सकेगी। इसके बाद मरीज का इलाज आसान हो सकेगा।
जिला संयुक्त अस्पताल शिकोहाबाद में पैथोलॉजी लैब में सीबीसी, डेंगू, मलेरिया, थॉयराइड, सहित 22 प्रकार की खून की जांच होती है। टीबी और एचआईवी की जांच अलग-अलग कक्षों में होती है। ऐसे में मरीजों को जांच के लिए इधर-उधर भागना पड़ता है। मरीज को एक ही स्थान पर जांच की सुविधा देने के मकसद से संयुक्त जिला अस्पताल शिकोहाबाद में ही आईपीएचएल लैब की स्थापना की जाएगी। इस लैब के बनने से मरीजों को 90 प्रकार की बीमारियों से जुड़ी जांच रिपोर्ट 24 घंटे के अंदर मिल सकेंगी। मरीजों को भटकना नहीं पड़ेगा। इसके लिए जिला संयुक्त अस्पताल में 4800 वर्ग फीट की जगह चिन्हांकित की जा रही है। प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्कीम के तहत इस लैब का संचालन होगा।
ये होंगी जांच
लैब में संचारी व गैर संचारी रोगों से जुड़ी हर जांच 24 घंटे में हो सकेगी। लैब शुरू होने से टीबी, मलेरिया, एड्स सहित अन्य पैथोलॉजी में होने वाली जांच एक ही जगह पर होने से मरीजों को भटकना नहीं पड़ेगा। इस लैब में करीब 90 प्रकार की जांचें हो सकेंगी। इसके निर्माण को टेंडर जारी कर दिए हैं।
11 एलटी की होगी तैनाती
11 लैब टेक्नीशियन, एक माइक्रोबाइलॉजिस्ट, एक बायोकेमिस्ट के साथ में पैथोलॉजिस्ट रखे जाएंगे। बीएसएल टू मानक की लैब में डेंगू, चिकनगुनिया, स्क्रब टाइफस, मलेरिया, डायरिया, टीबी सहित संचारी रोगों से जड़ी जांचें तथा कैंसर, हृदय रोग, मधुमेह, गुर्दा, मोतियाबिंद, अल्जाइमर आदि बीमारियों की जांच हो सकेगी।
-
जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के मकसद से काम किए जा रहे हैं। जिला संयुक्त अस्पताल शिकोहाबाद में आईपीएचएल लैब बनने से मरीजों को काफी सहूलियत होगी। उनको एक स्थान पर जांच की सुविधा मिलेगी। - मोहम्मद आलम, जिला कार्यक्रम प्रबंधक फिरोजाबाद