फिरोजाबाद। ग्रीष्मकाल के मद्देनजर मुख्य विकास अधिकारी ने ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित जल परियोजनाओं को सुचारू रखने एवं आम जन व पशुओं को पीने के पानी की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश जारी किए हैं। इस दौरान जिन गांव व पंचायतों में पानी की किल्लत है। उन्हें चिहिंत करने के निर्देश भी दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी नेहा जैन ने शुक्रवार को ग्रामीण पीने के पानी की व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि ग्रीष्मकाल को देखते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में बंद अथवा खराब पड़ी ग्रामीण जल परियोजनाओं को तत्काल दुरुस्त कराया जाए। जो परियोजनाएं ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित हैं उनकी मरम्मत ग्राम पंचायत तथा शेष की मरम्मत जल निगम द्वारा कराई जाए। डीपीआरओ को जारी निर्देशों में सीडीओ ने टीटीएसपी पर विद्युत कनेक्शन की उपलब्धता सुनिश्चित करा ली जाए। वहीं पशुओं को पेयजल उपलब्ध कराने के लिए हाल ही में खोदे गए तालाबों का जीर्णोद्धार कराने एवं उनमें पानी भरवाए जाने के निर्देश भी दिए। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी बीडीओ को गांव व पंचायतों में पीने के पानी किल्लत संबंधी रिपोर्ट तत्काल डीपीआरओ कार्यालय को प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।
निराश्रित गोवंश आश्रय स्थलों पर दें ध्यान- सीडीओ ने शुक्रवार को जिले के सभी बीडीओ को भी पत्र जारी किए। सभी से निराश्रित गोवंश आश्रय स्थलों पर पशु चारा एवं पेयजल संबंधी व्यवस्थाएं दुरूस्त रखने को कहा है।