फिरोजाबाद। थाना नारखी क्षेत्र में एक छात्र को रायफल लगाकर झूठे मुकदमे में जेल भेजने वाले दरोगा को एसएसपी ने शुक्रवार को निलंबित कर दिया है। छात्र ने जमानत पर छूटने के बाद एसएसपी से मामले की शिकायत की थी। जिसके बाद दरोगा को ब्रह्मदेव चौकी से लाइन हाजिर कर सीओ टूंडला को जांच सौपीं गई थी। जांच रिपोर्ट के आधार पर एसएसपी ने दरोगा के खिलाफ कार्रवाई की है।
छतरपुर की ठार जसरथपुर जाखई निवासी सौरभ कुमार को तत्कालीन ब्रह्मदेव चौकी प्रभारी अशेष कुमार ने प्रधान पति से सांठ-गांठ कर 27 जून को रायफल लगाकर जेल भेज दिया था। सौरभ ने जेल से छूटने के बाद एसएसपी से पूरे मामले की शिकायत की थी। एसएसपी सौरभ दीक्षित ने शिकायत के आधार पर दरोगा को लाइन हाजिर करते हुए मामले की जांच सीओ टूंडला को सौंपी थी। बुधवार को जांच रिपोर्ट मिलने के बाद एसएसपी ने शुक्रवार को उक्त दरोगा को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।