टूंडला। प्लाटून कमांडर पीएसी व अग्निशमन द्वितीय अधिकारी की सीधी भर्ती में फर्जी शैक्षणिक प्रमाणपत्रों से एक युवक ने नौकरी पा ली। जब उसके प्रमाणपत्रों की जांच हुई तो मामला पकड़ में आ गया। जांच के उपरांत अपर सचिव, पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड लखनऊ के आदेश पर आरोपी युवक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
मामला 2020-21 में प्लाटून कमांडर पीएसी व अग्निशमन द्वितीय अधिकारी की सीधी भर्ती से जुड़ा है। गांव चुल्हावली निवासी मोहित सोलंकी ने इस सीधी भर्ती प्रक्रिया में भाग लिया था। उसका चयन उपनिरीक्षक के पद पर हुआ था। चयन प्रक्रिया होने पर नियुक्ति से पूर्व उत्तर-प्रदेश पुलिस महानिदेशक भर्ती बोर्ड के आदेश पर पुलिस महानिरीक्षक आगरा परिक्षेत्र आगरा ने उसके चरित्र व शैक्षिक प्रमाणपत्रों की जांच कराई थी। माेहित ने सीटी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलाजी जालंधर (पंजाब) से बीए की परीक्षा पास होने के अभिलेख जमा कराए थे, लेकिन जांच में अभिलेख फर्जी पाए गए तथा आपराधिक प्रवृत्ति का पाया गया।
जांच में पाया गया कि मोहित सोलंकी ने नौकरी पाने के लिए पुष्पेंद्र चाहर, मैनेजर एसडी डिग्री काॅलेज, गहर्रा की पियाऊ, जगनेर रोड, आगरा से साठगांठ कर सुनियोजित तरीके से कूटरचित प्रमाणपत्र तैयार कर उप निरीक्षक सीधी भर्ती में प्रयोग किए है। जांच के बाद अपर सचिव, पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड लखनऊ के आदेश पर हेड कांस्टेबल महेश पाराशर ने मोहित के विरुद्ध धोखाधड़ी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
भर्ती प्रक्रिया में नियुक्ति पाने वाले युवक के शैक्षिक प्रमाण पत्र जांच में फर्जी मिले हैं। उसके विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
अनिवेश कुमार पुलिस क्षेत्राधिकारी, टूंडला