अफसरों की अनदेखी : चालक नहीं कर रहे नियमों का पालन
फिरोजाबाद। हादसों को रोकने और वाहन चालकों को जागरूक करने के लिए चलाए जा रहे सड़क सुरक्षा सप्ताह का असर दिखाई नहीं दे रहा है। प्रचार-प्रसार के अभाव में जहां सड़क सुरक्षा सप्ताह दम तोड़ता दिखाई दे रहा है, वहीं वाहन चालक भी यातायात नियमों का पालन करते दिखाई नहीं दे रहे।
ट्रैफिक पुलिस द्वारा नवंबर माह को यातायात माह के रूप में मनाया गया। वहीं छह दिसंबर से सहायक संभागीय परिवहन विभाग के अफसर सड़क सुरक्षा सप्ताह मना रहे हैं। पहले दिन सहायक संभागीय अधिकारियों द्वारा बाइक रैली निकाल कर लोगों को जागरूक किया गया था, लेकिन इसके बाद कोई भी ध्यान नहीं दे रहा है। इसी के चलते ऑटो चालक क्षमता से अधिक सवारियां बैठाकर दौड़ते दिखाई दे रहे हैं। वहीं ज्यादातर ई रिक्शा नाबालिग चला रहे हैं। इनसे हादसे का खतरा भी बना रहता है। वहीं हाईवे पर खड़े होने वाले वाहनों को रोकने के लिए सहायक संभागीय परिवहन विभाग के अफसर कार्रवाई करते दिखाई नहीं दिए।
ऑटो में बैठ रही 7 से 8 सवारियां
तीन सीटर ऑटो में चालक सात से आठ सवारियां बैठाकर हाईवे पर दिखाई देते हैं। यह ऑटो जिला मुख्यालय से लेकर सुभाष तिराहा तक बेखौफ हाईवे पर दौड़ रहे हैं।
---------
कार्रवाई की जाएगी
विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से वाहन चालकों को जागरूक किया जा रहा है। जो वाहन चालक मानकों का पालन नहीं कर रहे हैं उनके खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी। जिससे हादसों को रोका जा सके। -अखिलेश यादव, आरआई
---------------
चालकों को किया जागरूक
फिरोजाबाद। सड़क सुरक्षा सप्ताह के चौथे दिन सहायक संभागीय कार्यालय में सेव लाइफ फाउंडेशन द्वारा ऑनलाइन चालक और क्लीनरों को सड़क सुरक्षा के बारे में विस्तार से बताया गया। इससे हादसों को रोका जा सके। इस दौरान अधिकारी दिनेश सिंह, आरआई अखिलेश सिंह आदि मौजूद रहे। संवाद