- अप्रैल में हुई थी शादी, किसी बात पर पत्नी से हो गया था विवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। थाना बसई मोहम्मदपुर क्षेत्र में पत्नी से कहासुनी होने पर पति घर के कमरे में फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मृतक की अप्रैल में ही शादी हुई थी। वह मजदूरी करता था।
गांव गढ़ी तिवारी निवासी चंदन कुमार (22) ने शनिवार शाम पत्नी से कहासुनी होने के बाद कमरे में बंद होकर गमछे से फंदा कसकर अपनी जान दे दी। काफी देर तक कमरे में हलचल न होने पर परिजन ने अनहोनी की आशंका व्यक्त की। खिड़की से देखा तो युवक फंदे से झूल रहा था। घटना की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। वह दो भाइयों में छोटा था। अप्रैल में दोनों भाईयों की सगी बहनों से शादी हुई थी। पत्नी से किसी बात पर विवाद होने पर उसने आत्मघाती कदम उठा लिया। थाना प्रभारी पारूल मिश्रा ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पत्नी से कहासुनी होने पर उसने ऐसा किया है। अगर कोई शिकायती पत्र मिलता है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।