उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में शहरी क्षेत्र के सभी 70 वार्डों में सूखा और गीला कूड़ा एकत्र करने के लिए लॉयन सर्विसेज संस्था नामित किया गया। काम में लापरवाही बरतने पर इसके खिलाफ कार्रवाई की गई है। नगर निगम ने संस्था को दिए जाने वाले मानदेय में 86.88 लाख रुपये की कटौती करके कार्रवाई की गई है।
कई वार्डों में कूड़ा एकत्रीकरण नहीं शुरू किया
नगर निगम क्षेत्र से प्रतिदिन निकलने वाले सूखे एवं गीले कूड़े को एकत्र करने के लिए लॉयन सर्विसेज को नामित किया गया है। तीन वर्षों से संस्था काम कर रही है। संस्था को सूखा और गीला कूड़ा अलग-अलग करके मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (MRF) सेंटर तक पहुंचाने का जिम्मा दिया गया था। लेकिन, संस्था ने अभी भी कई वार्डों में कूड़ा एकत्रीकरण नहीं शुरू किया। साथ ही सूखा व गीला कूड़ा पृथक नहीं किया जा रहा है।
संस्था को लगातार हिदायत देने के बाद भी लापरवाही बरती जा रही है। इसके चलते निगम क्षेत्र में घरों से निकलने वाले कूड़ा एवं मलबा एकत्रीकरण स्थलों में इजाफा हो गया है। संस्था की लापरवाही पर नगर आयुक्त घनश्याम मीणा ने माह जनवरी और फरवरी में संस्था को नियमानुसार दिए जाने वाले मानदेय में 86 लाख, 88 हजार रुपये की कटौती करके कार्रवाई की है।
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
जानकारी के अनुसार संस्था ने अपने दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही दिखाई। इस पर माह अक्टूबर, नवंबर और दिसंबर में भी मानदेय पर कटौती की कार्रवाई की गई थी। इस दौरान दो चरणों में लगभग 68 लाख का जुर्माना लगाया गया था। इसके बाद भी कोई सुधार नहीं आया।
शहर में कचरे की स्थिति
- शहरी क्षेत्र से प्रतिदिन निकलने वाला सूखा एवं गीला कूड़ा - 289 क्विंटल
- जनवरी 2022 से फरवरी 2023 तक शहरी क्षेत्र से निकला कूड़ा - 86821 मीट्रिक टन
- सूखा और गीला कूड़ा निस्तारण और रिसाइकलिंग को संचालित एमआरएफ सेंटर - 01
जेडएसओ संदीप भार्गव ने बताया कि शहरी क्षेत्र में सूखा एवं गीला कूड़ा के डोर-टू-डोर एकत्रीकरण एवं कूड़ा अगल-अलग करने में कार्यदायी संस्था द्वारा लापरवाही की जा रही है। नगर आयुक्त के निर्देश पर संस्था लॉयन सर्विसेज के मानदेय से 86 लाख 88 हजार रुपये की कटौती की गई है।