फिरोजाबाद। स्वास्थ्य विभाग की प्रदेश स्तरीय रैंकिंग में फिरोजाबाद जिला टॉपर बन गया है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की ओर से विभिन्न बिंदुओं के आधार पर नवंबर 2023 की जारी की गई रैंकिंग में जनपद ने 74 जिलों को पछाड़ कर पहला स्थान हासिल किया है। जबकि बीते माह अक्तूबर की आठवीं रैंक रही।
शासन की ओर से हर माह यूपी के 75 जनपदों के स्वास्थ्य विभाग की रैंकिंग जारी होती है। इसमें संस्थागत प्रसव, ओपीडी, परिवार नियोजन, आशा भुगतान, नवजात देखभाल सहित अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं पर रैंकिंग की जाती है। स्वास्थ्य सेवाओं पर फोकस किया गया तो रैंकिंग में सुधार हुआ है। जनपद ने पूरे प्रदेश में पहली रैंक हासिल की है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रामबदन राम ने बताया कि प्रदेश स्तर पर और अच्छा प्रदर्शन के लिए पूरे प्रयास किए जाएंगे।
सभी स्वास्थ्यकर्मियों के बेहतर प्रदर्शन की वजह से फिरोजाबाद जिला ने पूरे प्रदेश के सभी जिलोंं को पीछे कर पहला स्थान हासिल किया जाएगा। लगातार इसी प्रकार की मॉनिटरिंग करेंगे। ताकि आगामी महीनों में भी यही रैंक रहे।
इन बिंदुओं को रैंकिंग में किया जाता है शामिल
-गर्भवती पंजीकरण, गृह आधारित नवजात देखभाल, गर्भवती जांच, टीबी नोटिफिकेशन समेत 15 संकेतक, आशा भुगतान, परिवार नियोजन