एका (फिरोजाबाद)। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एका कस्बा में गली-गली चल रहीं अवैध पैथोलॉजी लैब और क्लीनिक के खिलाफ शुक्रवार को छापेमारी की। इस दौरान कस्बा में नर्सिंग होम और पैथोलॉजी लैब समेत पांच प्रतिष्ठान सीएमओ कार्यालय में बिना पंजीकरण के संचालित मिले। दो प्रतिष्ठान एक मार्केट में थे। उसका शटर सील करने का मार्केट स्वामी और भीड़ ने विरोध किया। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की गाड़ी घेर ली। पुलिस और अधिकारियों के समझाने पर मामला शांत हुआ। शुक्रवार को डिप्टी सीएमओ डाॅ. विश्वदीप अग्रवाल और सीएचसी की टीम दोपहर 11:30 बजे कस्बे में पहुंची। बंगाली क्लीनिक पर जीपी विश्वास मरीजों का उपचार करते मिले। टीम को देखकर मरीज निकल गए। दुकान को सील करने के बाद टीम कृष्णा मार्केट एटा रोड पर स्थित ओम पैथोलॉजी पर पहुंची। अधिकारियों को देखकर संचालक भाग खड़ा हुआ। इसी मार्केट में कृष्णा पाली क्लीनिक के संचालक भी नहीं मिले। ओम साईं नर्सिंग होम में कंपाउंडर देवेंद्र सिंह मिले, डाॅक्टर के कागजात दिखाने के लिए कहा तो वह नहीं दिखा सके। यहां नगला खेड़ा निवासी गौरव उर्फ महावीर समेत दो मरीज भर्ती मिले। गौरव के पैर में चोट लगने के कारण सरिया पड़ी थी। आगरा में ऑपरेशन कराने के बाद ओम साईं नर्सिंग होम एका में भर्ती किया गया था। टीम ने दोनों मरीजों को सरकारी एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया। कार्रवाई न करने के लिए स्वास्थ्य अधिकारियों के पास कुछ लोगों के फोन भी आए थे, लेकिन कार्रवाई जारी रही। इसके बाद कृष्णा मार्केट को सील कर दिया गया।
इसकी जानकारी पर मार्केट स्वामी रक्षपाल सिंह यादव निवासी नगला धारा आ गए। उन्होंने मार्केट में अपना आवास बताकर मुख्य गेट को सील करने का विरोध करने लगे। आसपास के दुकानदार और अन्य लोग भी एकत्र हो गए। इसके बाद टीम की गाड़ी घेरकर हंगामा किया गया। पुलिस के समझाने पर मामला शांत हुआ। बाद में राम पैथोलॉजी लैब और श्री कृष्णा पाली क्लीनिक को भी सील किया गया। टीम में एसीएमओ डॉ. बीडी अग्रवाल, अमृता पांडेय, डॉ. सतेंद्र चौधरी, लोकेश स्टाफ नर्स मौजूद थे। डॉ. सत्येंद्र चौधरी ने बताया की अवैध पैथोलॉजी तथा अवैध क्लीनिक के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। डिप्टी सीएमओ डाॅ. विश्वदीप अग्रवाल का कहना है कि विभाग में इन क्लीनिकों का पंजीकरण नहीं था। इसके साथ ही कृष्णा पाली क्लीनिक का बोर्ड लगे होने के कारण मार्केट को सील किया गया।