संवाद न्यूज एजेंसी
शिकोहाबाद। भतीजे के साथ नोएडा से फिरोजाबाद आ रही महिला के बैग से किसी ने स्वर्ण आभूषण चोरी कर लिए। पीड़िता ने महिला हेल्प डेस्क पर शिकायत दर्ज कराई। आरोप है कि महिला पुलिसकर्मी ने उसे नोएडा में शिकायत दर्ज कराने के लिए बोला। थाना नसीरपुर क्षेत्र के गांव नानेमऊ निवासी मंजू देवी अपने भतीजे के साथ गत 5 मई को नोएडा परी चौक से अपने घर आने के लिए बांदा डिपो की रोडवेज बस में सवार हुई थी। पीड़िता का आरोप है कि बस परिचालक ने महिला के बैग को अपने पास रखवा लिया था। बस जब शिकोहाबाद बस स्टैंड पर पहुंची, तो महिला का बैग उसे नहीं मिला। महिला के अनुसार उसके बैग में आठ अंगूठी, एक सोने की चेन, छह तोले के सोने के झाले एवं 1600 रुपये नकद रखे हुए थे। पीड़िता का आरोप है कि वह घटना की शिकायत लेकर मंगलवार दोपहर थाना शिकोहाबाद पहुंची। महिला हेल्प डेस्क पर बैठी महिला पुलिसकर्मी ने नोएडा में शिकायत दर्ज कराने की बात कह दिया। इंस्पेक्टर का कहना है कि उनके संज्ञान में मामला नहीं है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच की जाएगी।