टूंडला। चिकित्सक के इलाज के उपरांत बुखार से पीड़ित मासूम बच्ची की मौत हो गई। परिजनों ने चिकित्सक पर गलत इंजेक्शन लगाने व अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए क्लीनिक पर जमकर हंगामा किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझाते हुए मामला कराया है।
थाना टूंडला के गांव लालऊ निवासी दीपू की डेढ़ वर्षीय बेटी परी को बुखार आ गया था। बुधवार शाम उसके उपचार के लिए दीपू परिजनों के साथ परी को लेकर राजा का ताल स्थित कांती क्लीनिक पर पहुंचा था। परिजनों का आरोप है कि डाक्टर संजीव चौधरी ने बच्ची को इंजेक्शन लगाया तथा दवा देकर उन्हें घर भेज दिया। घर पहुंचने के कुछ ही देर में उनकी हालत बिगड़ गई। वे तत्काल चिकित्सक के पास उसे लेकर पहुंचे, किंतु उसकी रास्ते में ही मौत हो गई।
परिजन बच्ची का शव लेकर चिकित्सक के क्लीनिक पर पहुंच गए। जहां उन्होंने चिकत्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया। परिजनों का आरोप है कि डाक्टर के गलत इंजेक्शन से उनकी बेटी की मौत हुई है। इसके साथ ही उन्होंने चिकित्सक पर अभद्रता का भी आरोप लगाया है। चिकित्सक के क्लीनिक पर हंगामा होने की सूचना पर राजा का ताल चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई। परिजनों ने कार्रवाई का आश्वासन देकर मामला शांत कराया।
बच्ची की मौत पर परिजनों ने चिकित्सक पर लापरवाही और अभद्रता का आरोप लगाया है। बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
प्रदीप कुमार थाना प्रभारी, टूंडला