फिरोजाबाद। शिकोहाबाद नगर के पड़ोसी गांव आरौंज के कुछ युवक करीब 12 गोवंश को शहरी गोशाला लेकर आए। गोशाला का गेट खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन गोशाला के केयर टेकर ने गोशाला में गोवंश को प्रवेश नहीं दिया। इसे लेकर युवकों और गोशाला के केयर टेकर के बीच काफी कहासुनी हुई।
ग्रामीणों का कहना है कि आवारा घूम रहा गोवंश उनकी फसलों को नष्ट कर रहा है। इस लिए उन्होंने लगभग 12 गोवंश जिनमें गाय और सांड़ शामिल हैं को लेकर गोशाला आए, लेकिन गोशाला में उन्हें नहीं रखा है। जिससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त हो गया। वहीं गोशाला केयर टेकर का कहना है कि आरौंज गांव में गोशाला स्थापित है। ग्रामीण इन गोवंश को गांव में स्थित गोशाला में रख सकते हैं। लेकिन यह लोग वहां नहीं रखते, हांककर सीधे शहरी गोशाला लेकर आते हैं। जिससे यहां की स्थिति खराब हो रही है।