टूंडला। भारतीय किसान यूनियन भानु के राष्ट्रीय अध्यक्ष भानुप्रताप सिंह ने मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद बुधवार को आगरा हाईवे स्थित एक होटल पर पत्रकारों से वार्ता की। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने किसानों के नलकूपों को बिजली फ्री देने की बात कही है। इसके साथ ही किसान आयोग के गठन को केंद्र सरकार से बात करने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि किसान आयोग के गठन की मांग वे लंबे समय से कर रहे हैं। इसके लिए प्रदेश कार्यालय इमलिया पर यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष योगेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में धरना प्रदर्शन किया गया था। जिसे सीएम से मिलकर समाधान के आश्वासन पर समाप्त कर दिया था। इस परिपेक्ष में वे 25 फरवरी को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की थी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया है कि किसान आयोग के गठन को लेकर वे केंद्र सरकार से वार्ता करेंगे। कहा प्रधानमंत्री किसान आयोग के गठन को वे हरी झंडी देकर किसानों का भला करने का काम करेंगे। अतीक अहमद पर हो रही कार्रवाई पर उन्होंने मुख्यमंत्री को बधाई देते हुए कहा कि जो लोग मानव जाति के दुश्मन हैं, चाहे वे किसी भी जाति या धर्म के क्यों न हों, ऐसे माफियाओं की जगह जेल है या फिर उनका काउंटर करवाना ही उचित है।