शिकोहाबाद। ठगी करने वाले नए- नए तरीके अपना रहे हैं। रुपयों का लेनदेन मोबाइल पर एप से होने लगा है। इस लिए ठग भी अब ऑनलाइन एप बना ठगी कर रहे हैं। ऐसा ही एक एप बना कर नगर में कई लोगों से लाखों रुपये ठग लिए।
पीड़ित विपिन कुमार ने बताया कि मोबाइल पर प्ले स्टोर पर एक एप एससीएल बना कर लोगों को प्रतिदिन हजारों रुपये कमाने का लालच दिया। लोगों ने लालच में आकर एप को प्ले स्टोर से डाउन लोड किया और ठगी के शिकार में फंसते चले गए। इस एप को डाउन लोड करने पर छह हजार रुपये जमा करने पर प्रतिदिन 320 रुपये उसके खाते में ट्रांसफर कर दिये जाते थे। वहीं 36000 हजार रुपये जमा करने पर 2300 रुपये और एक लाख दस हजार रुपये जमा करने पर 7 हजार रुपये प्रतिदिन उक्त व्यक्ति के खाते में जमा किए जाते थे। इससे मोटी कमाई के चक्कर में लोगों ने लाखों रुपये एप के जरिए जमा करा दिए। एप के जरिये कुछ लोगों को मुनाफा भी हुआ। जिसके लालच में आकर उन्होंने और अधिक रकम जमा करा दी। पांच दिन पहले एप बंद हो गया। इसमें नगर से कई लोगों के लाखों रुपये डूब गए। इस एप की ठगी के शिकार लोगों में शुभम यादव, रिंकू यादव, डॉ. अरविंद यादव, रामसेवक, अमित कुमार, शैलेश शर्मा, अमित जौहरी, आलोक कुमार एवं इस तरह के नगर में लगभग 50 लोग शामिल हैं।