उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के टूंडला रेलवे स्टेशन क्षेत्र में सहायक यातायात प्रबंधक ने टीम के साथ ट्रेन में चेकिंग अभियान चलाया। टीम ने बिना बुक किए ले जाए रहे पांच लगेज पकड़े। इसके साथ ही बिना टिकट यात्रा कर रहे 14 पुलिसकर्मियों को पकड़ा। टीम ने हजारों रुपये जुर्माना वसूल किया।
सहायक यातायात प्रबंधक रविंद्र कुमार शर्मा के नेतृत्व में शनिवार शाम सात बजे रेलवे की चेकिंग टीम ने टूंडला स्टेशन पर अप की मुरी एक्सप्रेस में चेकिंग की। चेकिंग के दौरान बी-2 कोच के अटेंडेंट के पास 84 लगेज में पांच ऐसे लगेज मिले जिन्हें बिना बुक किए ही ले जाया जा रहा था। लगेज का जुर्माना वसूल किया गया। गुवाहटी एक्सप्रेस से एक अवैध वेंडर को गिरफ्तार कर आरपीएफ के सुपुर्द किया गया।
यह भी पढ़ेंः- UP News: मैनपुरी से दिल्ली जाने के लिए एकमात्र दैनिक ट्रेन में आरक्षण मिलना बंद, यात्री हो रहे परेशान
कालका मेल (अप) में बिना टिकट यात्रा कर रहे 14 पुलिसकर्मियों को पकड़ा गया। इनसे भी हजारों रुपये जुर्माना वसूल किया गया। इसके साथ ही यात्री विश्राम गृह आदि की चेकिंग की गई। टीम में वाणिज्य निरीक्षक शुभम जोहरी शामिल रहे। सहायक यातायात प्रबंधक रवींद्र कुमार शर्मा ने बताया कि ट्रेनों में बिना टिकट यात्रा करने वालों की लगातार चेकिंग की जाएगी। असुविधा से बचने को टिकट लेकर ही यात्रा करें।