जेल में टीका करने के लिए सुबह 8 बजे से मिलेगा प्रवेश फिरोजाबाद। भाईदौज पर जिला कारागार में बंद भाइयों को तिलक करने 15 नवंबर को बहनें पहुंचेंगी। जेल प्रशासन की ओर से इसके लिए चाक चौबंद व्यवस्थाएं करनी प्रारंभ कर दी हैं। पर्याप्त पुलिस फोर्स की तैनाती किए जाने के साथ सुबह 8 बजे से एंट्री की जाएगी। ताकि बहनों को कोई दिक्कत नहीं होने पाए। जेलर आनंद सिंह ने बताया कि जेल प्रांगण में कुल 1523 बंदी है। इसमें 1450 पुरुष बंदी है। इन बंदियों की बहनों के जेल में भाईदौज पर आने की संभावना है। बहनों को सुबह आठ बजे से एंट्री देना प्रारंभ कर दिया जाएगा। यदि जल्दी आ गई तो प्रयास करेंगे कि सात बजे से एंट्री दे दी जाए। बहनों को दूज कराने में प्राथमिकता दी जाएगी। यदि कोई भाई जेल में बंद बहन से तिलक कराने को आता है तो उन्हें बाद में एंट्री दी जाएगी। पीने के पानी की कोई किल्लत नहीं होने पाए। इस लिहाज से पेयजल के लिए कैंप लगाया जाएगा। ताकि बहनों को पीने का पानी निशुल्क मुहैया हो सकेगा। संवाद