फिरोजाबाद। शिकोहाबाद में पांच दिन पूर्व दिखतौली गांव के समीप प्रतापपुर रोड पर बोरे में मिले शव की शिनाख्त मृतक के परिजन ने थाना पहुंच कर उसके कपड़ों से की। मृतक मकान निर्माण कार्य का ठेकेदार है। उसकी हत्या कहां की गई, यहां कैसे उसका शव फेंका गया। पुलिस शिनाख्त के बाद हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में जुट गई है।
एसपी ग्रामीण कुंवर रणविजय सिंह ने बताया कि पांच दिन पूर्व मिले शव की शिनाख्त सोशल मीडिया के जरिए और उसके कपड़ों से परिजन ने की है। उन्होंने बताया कि मृतक की बबलू सिंह (30) निवासी गांव मढैया थाना लौहारिया जिला चंपारन बिहार के रूप में शिनाख्त हुई है। युवक भिवाड़ी राजस्थान में मकान निर्माण कार्य का ठेकेदार था। विगत आठ दिन से गायब था।
उसकी शिनाख्त करने उसके परिजन थाने पहुंचे और शिनाख्त की। एसपी ग्रामीण ने बताया कि मृतक की शिनाख्त होने से हत्याकांड के खुलासे में उन्हें काफी मदद मिलेगी। इस संबंध में मृतक के परिजन, भिवाड़ी में किसके साथ काम करता था, उन सभी लोगों से जानकारी की जा रही है।