टूंडला। बंशीधर डिग्री कॉलेज के फार्म हाउस में होली कार्यक्रम के दौरान फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले पांच आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान एक आरोपी से पुलिस की मुठभेड़ हो गई, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने सभी आरोपियों से असलाहे बरामद कर जेल भेजा है।रविवार रात 8:30 बजे शहर के बंशीधर डिग्री काॅलेज के पास होली का कार्यक्रम चल रहा था। इस बीच दो कारों में सवार कुछ लोग वहां पहुंचे थे। जहां किसी बात को लेकर तेल मिल रोड निवासी अंशु यादव से उनकी कहासुनी हो गई थी। इसके बाद कार सवारों ने असलाहे लहराते हुए फायरिंग कर दी थी। सूचना मिलने पर मौके पर थाना पुलिस पहुंचती उससे पूर्व ही आरोपी भाग गए थे। मामले में अंशु उर्फ सौरभ यादव ने दीपू, अंशु, रिषभ, शिवम, भूपेंद्र, शरद उर्फ लाला, कुलदीप उर्फ केडी, आनू, अमित व अन्य के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
थाना पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते सोमवार मध्य रात्रि शिवम उर्फ सिम्मा, अमित यादव निवासी वंशीपुरम स्टेशन रोड थाना शिकोहाबाद, कुलदीप उर्फ केडी निवासी नेहा इन्क्लेव स्टेशन रोड थाना शिकोहाबाद, आनू निवासी लेबर कॉलोनी, स्टेशन रोड थाना शिकोहाबाद व विनीत कुमार निवासी 260 मेहराबाद थाना शिकोहाबाद को उनके मकानों से गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त अवैध असलहा की बरामदगी के लिए पुलिस ने मुख्य आरोपी शिवम उर्फ सिम्मा से पूछताछ की।
आरोपी द्वारा बताए स्थान पर पुलिस उसे लेकर बनकट मोड़ पर पहुंची तो आरोपी शिवम द्वारा घटना में प्रयुक्त असलाह टूंडला टोल प्लाजा की दीवार के पास खड़ी झाड़ी में रखना बताया जो लोड कर रखा गया था। उसने असलहे को झाड़ी से निकालकर पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नियत से फायर कर भागने की कोशिश की। पुलिस ने घेराबंदी व जवाबी कार्रवाई की। इससे आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। आरोपियों से दो तमंचे, कारतूस बरामद हुए हैं। घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। थाना प्रभारी अनुज कुमार का कहना है कि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।