फिरोजाबाद। नगर निगम के प्रवर्तन दल ने बुधवार को घनी आबादी वाले बजरिया और सब्जी मंडी के आसपास सिंगल यूज पॉलीथिन की बिक्री और भंडारण के विरुद्ध अभियान चलाया। अभियान के दौरान प्रतिबंधित प्लास्टिक से बने आयटम मिलने पर एक दुकानदार पर दो हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
प्रवर्तन दल ने बुधवार को अभियान के दौरान शहर के प्रमुख किराना बाजार बजरिया व पुरानी सब्जी मंडी सिंगल यूज पॉलीथिन की बिक्री, भंडारण के अलावा प्लास्टिक निर्मित दौना, चम्मच व प्लेट आदि चेक किया। अभियान के दौरान बजरिया स्थित मनोज कुमार अग्रवाल की दुकान पर भारी मात्रा में प्रतिबंधित थर्माकोल के गिलास, प्लेट के अलावा प्लास्टिक की चम्मच बरामद हुईं। दुकानदार पर दो हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल जीएम खान और कर निरीक्षक रोहतांग सिंह मौजूद रहे। टीम ने अभियान के दौरान ही थाना दक्षिण वाले मार्ग, बजरिया, पुरानी सब्जी मंडी आदि जगहों पर सड़क पर तख्त और बैंच डाल कर किए गए अतिक्रमण को भी साफ कराया।