फिरोजाबाद। थाना मक्खनपुर क्षेत्र में हाईवे किनारे एनएचआई की ओर से सफाई कार्य कर रहे चार लोगों को कार सवार ने टक्कर मार दी। चारों के गंभीर चोटें आई हैं। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार को थाने भेजकर घायलों को सरकारी ट्राॅमा सेंटर भिजवाया। जहां से चिकित्सकों ने चारों को आगरा रेफर कर दिया है। बृहस्पतिवार को मक्खनपुर के सांती पुल के समीप टूंडला के सेंटर कॉलोनी निवासी रोहित, कन्हैया, जितेंद्र और डौली सफाई कार्य कर रहे थे। तभी आगरा की ओर से आ रहे कार सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। कार की टक्कर से चारों मूर्छित होकर सड़क पर गिर गए। वहां लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। मामले की जानकारी पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायलों को सरकारी ट्राॅमा सेंटर भेज दिया। जहां से चिकित्सकों ने चारों को आगरा रेफर कर दिया। जबकि थानाध्यक्ष शैलेंद्र चौहान का कहना है कि दो लोगों को ही गंभीर चोट आई हैं। जिनका कार सवार स्वयं उपचार करा रहा है। उसकी कार को थाने पर भिजवा दिया है।