फिरोजाबाद। थाना बसई मोहम्मदपुर क्षेत्र के गढ़ी तिवारी में पत्नी के मायके से वापस नहीं आने पर आहत पति ने दिवाली के दिन फांसी का फंदा कसकर जान दे दी। युवक के फंदा कसने की सूचना पर पहुंची पुलिस शव को जिला अस्पताल लाई। पोस्टमार्टम कराके परिजनों को सौंप दिया। गढ़ी तिवारी निवासी बॉबी (28) एसी फ्रिज को ठीक करने का काम करता है। करीब डेढ़ माह पूर्व उसकी पत्नी मायके चली गई थी। दिवाली के मौके पर भी घर वापस नहीं लौटने से वह काफी आहत था। वह पिता के साथ दतौजी में स्थित हलवाई की दुकान पर काम करने गया था। दिवाली को देररात घर में फंदा कसकर आत्महत्या कर ली। परिजन को काफी देर के बाद घटना की जानकारी हो सकी। बॉबी को फंदा पर लटका देख परिवार में चीख पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजन की मदद से उसे नीचे उतारा। थाना प्रभारी बसई मोहम्मदपुर ने बताया कि युवक पत्नी के मायके से नहीं आने के कारण आहत था। मामले की जांच की जा रही है।