टूंडला। शादी के बाद विवाहिता के बच्चा न होना उसके लिए अभिशाप बन गया। बच्चा न होने पर पति संग ससुरालियों ने विवाहिता को पीटकर घर से निकाल दिया। पीड़िता ने पति सहित आठ ससुरालियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। फर्रूखाबाद के थाना मोहम्म्दाबाद अंतर्गत गांव नगला भवानी निवासी संजना की शादी 14 वर्ष पूर्व थाना टूंडला के नई बस्ती हनुमान मंदिर निवासी मनोज के साथ हुई थी। शादी के बाद उसके कोई संतान नहीं हुई। इसको लेकर ससुरालीजन उसे आए दिन ताना मारते हुए मारपीट करते थे।
बच्चा न होने पर शनिवार को ससुरालियों ने उसे घर से बाहर निकाल दिया। पीड़िता संजना ने पति मनोज, ससुर हाकिम सिंह, सास विमला देवी, जेठ सतीश, अशोक, देवर रवि कुमार, जेठानी भूरी, देवरानी सोनम के विरुद्ध थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। इंस्पेक्टर क्राइम बीपी सिंह का कहना है कि पीड़िता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।