टूंडला। खेत से घास लेकर लौट रहा मजदूर बृहस्पतिवार सुबह राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आ गया। हादसे में मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। थाना क्षेत्र के गांव चुल्हावली निवासी कन्हैया लाल उर्फ पप्पू (55) मजदूरी करते थे। वह सुबह करीब पौने नौ बजे पशुओं के लिए खेत से घास लेकर घर लौट रहे थे। वह गांव के फाटक के निकट रेलवे लाइन पार कर रहे थे, तभी कानपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार रांची-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आ गए। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस व जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने का प्रयास किया, किंतु परिजनों ने पोस्टमार्टम न कराने का आग्रह किया। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर शव परिजनों को सौंप दिया।
ट्रेन की चपेट में आने से मजदूर की मौत हो गई है। परिजनों के आग्रह पर पंचनामा भरकर शव उन्हें सौंप दिया गया है। अरुन चौरसिया, सीओ टूंडला