खैरगढ़ (फिरोजाबाद)। गांव कुड़ी में हुई फायरिंग की घटना पुलिस जांच में फर्जी पाई गई। पूरे मामले का खुलासा होने के बाद अब पुलिस फर्जी मुकदमा दर्ज कराने वाले व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
खैरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव कुड़ी निवासी जयवीर सिंह ने दस दिसंबर को खैरगढ़ थाना पुलिस को सूचना दी थी कि उसका पुत्र विवेक घर के बाहर बैठा था। तभी गांव के संदीप ने फायरिंग की। गोली विवेक के पैर से आरपार हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को उपचार को भेजने के साथ ही विवेक के पिता जयवीर सिंह की तहरीर पर संदीप के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कर लिया।
थानाध्यक्ष खैरगढ़ विनोद कुमार का कहना है कि जांच में मामला फर्जी पाए जाने पर अब विवेक के पिता जयवीर सिंह के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जयवीर की संदीप से रंजिश चली आ रही है। इस रंजिश के तहत जयवीर ने संदीप को जानलेवा हमले में झूठा फंसाने के लिए फर्जी चोट बनाई थी। जिसका खुलासा मेडिकल रिपोर्ट में हुआ है।