टूंडला। फिरोजाबाद हाईवे स्थित हजरतपुर पुलिया पर मंगलवार रात करीब 2 बजे गुजरात से कानपुर जा रहा दूध से भरा टैंकर डिवाइडर से टकराकर पलट गया। हादसे में टैंकर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। टैंकर का आधा हिस्सा हाईवे पर और आधा पुलिया के निकट नाले पर पलटा। नाले वाली साइड पर टैंकर फट जाने से दूध नाले में बह गया। काफी मात्रा में सड़क पर भी बह गया। टैंकर में 20 हजार लीटर दूध था।
टोल प्लाजा पार करने के बाद टैंकर डिवाइड से टकराता हुआ नाले की पुलिया पर पलट गया। हादसा इतना तीव्र था कि टैंकर फट गया। थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि हादसे में घायल चालक पंजूराम निवासी सांडवा चौहटन बाड़मेर राजस्थान को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। टैंकर को जेसीबी से एक तरफ कराया। पुलिस का कहना है कि हादसा चालक को झपकी आने की वजह से हुआ है।
दूध को भर ले गए लोग
टैंकर से दूध निकलते देख आसपास के ग्रामीण महिला, पुरुष बच्चे दूध के लिए दौड़ पड़े। लोगों ने बाल्टी, डिब्बे भर-भरकर ले गए। कई दूधिए भी मौके पर अपनी टंकियां भरते देखे गए। कुछ लोग ड्रमों में दूध भरकर ले गए। इस दौरान पुलिस चौकी राजा का ताल ने किसी को रोका तक नहीं।