फिरोजाबाद। भारत-पाकिस्तान के बीच खेले गए वर्ल्ड कप के महामुकाबले को लेकर सुहागनगरी के लोगों में उत्साह नजर आया। बाजारों में सन्नाटा छाया रहा। लोगों ने घरों में पूरे परिवार के साथ बैठकर भारत पाकिस्तान के क्रिकेट मैच का आनंद उठाया। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और श्रेयस अय्यर के बल्ले से निकलने वाले चौके और छक्कों ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। जैसे ही भारतीय टीम ने पाकिस्तान को पराजित किया, वैसे ही शहर में जगह-जगह आतिशबाजी हुई।दोपहर से शुरू हुए भारत पाकिस्तान के मैच के बाद से शहर में मुख्य मार्ग और गली मोहल्लों में सन्नाटा छा गया। लोगों ने आवश्यक कार्यों को दोपहर से पहले ही निपटा लिया और फिर दोस्तों और परिजनों के साथ मैच का आनंद लिया। लोगों ने इस मुकाबले को टीबी और मोबाइल पर देखा। पहले भारतीय गेंदबाजों ने पाकिस्तान को कम लक्ष्य पर ही ढेर कर दिया। फिर भारतीय कप्तान रोहित शर्मा की आतिशबाजी ने लोगों को रोमांचित कर दिया। जीत के बाद लोगों ने हिंदुस्तान जिंदाबाद के नारे भी लगाए।