शॉर्टसर्किट से मकान में लगी आग, सामान जला
- फायर विभाग के कर्मचारियों ने एक घंटे में बुझायी आग
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। शॉर्टसर्किट से सुहागनगर स्थित एक मकान में आग लग गई। आग से घरेलू सामान जल गया। सूचना पर दक्षिण थाना पुलिस और दमकल टीम मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे के अथक प्रयास से आग पर काबू पा लिया गया।
दक्षिण थाना क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी सुहागनगर निवासी शैलेश सोमवार को परिवार के साथ मकान की नीचे की मंजिल पर मौजूद थे। रात करीब 12 बजे मकान की दूसरी मंजिल पर शॉर्टसर्किट से आग लग गई। इसकी जानकारी पीड़ित परिजनों को तब हो सकी, जब आग ने दूसरी मंजिल को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटों के बीच घिरी मकान की दूसरी मंजिल को देख परिजनों ने शोरगुल करते हुए आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए गए। इसी बीच आसपास के लोग भी एकत्रित हो गए और आग बुझाने में जुट गए। सूचना पर अग्निशमन विभाग के प्रभारी दुर्गेश कुमार फायर कर्मचारियों व दमकलों के साथ मौके पर पहुंचे। करीब एक घंटे के अथक प्रयास के बाद आग पर काबू पाया गया। पीड़ित शैलेश कुमार ने बताया कि आग से ऊपर की मंजिल का सारा सामान जल गया। घर की छतों में दरार आ गई है। दूसरी मंजिल भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। सूचना पर नगर विधायक मनीष असीजा मौके पहुंचे। पीड़ित परिजनों से घटना की जानकारी कर तहसील की टीम को बुलाकर मौका मुआयना कराया गया। फायर स्टेशन प्रभारी दुर्गेश कुमार का कहना है कि आग शॉटसर्किट से लगी थी। करीब 10 से 12 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है।