शिकोहाबाद। रेल ट्रैक किनारे झाड़ियों में आग लगने की सूचना से स्थानीय रेल प्रशासन में अफरा तफरी मच गई। आनन-फानन में पीडब्लूआई विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई, जिसने झाड़ियों में लगी हुई आग पर काबू पाया। तब कहीं जाकर रेल अधिकारियों ने राहत की सांस ली। रेल अधिकारियों ने एईएन फिरोजाबाद को रेल ट्रैक किनारे झाड़ियों को कटवाने के निर्देश दिए हैं।
सोमवार को 4:30 बजे नॉनस्टॉप ट्रेन गुजरी तो चालक ने ट्रैक किनारे झाड़ियों से तेज धुआं उठते हुए देखा, तो उसने तत्काल ही घटना की जानकारी से मुख्य नियंत्रण कक्ष टूंडला के रेलअधिकारियों को अवगत कराया। सूचना मिलने पर आनन-फानन रेल अधिकारियों ने विभागीय कर्मचारियों की टीम को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए। सूचना मिलने पर पहुंचे पीडब्लूआई विभाग मक्खनपुर की टीम ने झाड़ियों में लगी हुई आग पर काबू पाया। जिसने आग को बुझाने के बाद पूरे घटनाक्रम से रेल अधिकारियों को अवगत कराया। इसके चलते वरिष्ठ रेल अधिकारियों ने एईएन फिरोजाबाद को रेल ट्रैक किनारे लग रही झाड़ियों को कटवाने के निर्देश दिए हैं।
रेल ट्रैक किनारे झाड़ियों में किसी ने आग लगा दी थी। जिसकी सूचना पर आग को बुझा दिया गया था। झाड़ियों को कटवाया जा रहा है।
अमित कुमार सिंह, जनसंपर्क अधिकारी प्रयागराज डिवीजन, प्रयागराज