जसराना। कस्बा के मोहल्ला गाड़ीवान में मौजूद एक किराना व्यवसायी के गोदाम में भीषण आग लग गई। आग की लपटों को देख आसपास के लोग सहम गए। गोदाम के ऊपर रहने वाले परिजन को बाहर निकाला गया। वहीं सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और लोगों की मदद से आग पर काबू पाया। जब तक आग बुझती लाखों रुपये का किराना का सामान जलकर राख हो गया। मोहल्ला गाड़ीवान निवासी सतीश चंद्र अग्रवाल के मकान के नीचे ही किराना का गोदाम है। बुधवार की शाम लोगों ने गोदाम से आग की लपटों को निकलते देखा तो परिजन को अवगत कराया। गोदाम में आग लगने की जानकारी मिलने पर सतीश चंद्र अग्रवाल का पुत्र कन्हैया अग्रवाल मौके पर पहुंचा और आग को बुझाने का प्रयास किया। वहीं आग लगने की सूचना पर अन्य लोग एवं व्यापारी एकत्रित हो गए। मकान के ऊपर मौजूद परिजन को भी लोगों ने वहां से निकाला। लोगों ने आग लगने की जानकारी पुलिस एवं दमकल को दी।
जानकारी मिली तो दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। वहीं देर रात तक आग सुलगती रही। आग बुझने पर लोगों ने राहत महसूस की। वहीं आग के कारण लाखों का सामान जलकर राख हो गया। लोगों ने बताया कि गोदाम में किराना का लाखों रुपये का माल रखा हुआ था। दुकान मालिक के पुत्र कन्हैया अग्रवाल ने बताया कि आग शाॅर्ट सर्किट के कारण लगी है। थाना प्रभारी अंजीश कुमार सिंह ने कहा आग लगने की सूचना पर दमकल को मौके पर भेजा गया था। आग को बुझा दिया गया है।