हत्यारोपियों से दहशत में आया परिवार, करेगा गांव से पलायन
- मासूम की हत्या के बाद पिता ने लिया गांव छोड़ने का फैसला
संवाद न्यूज एजेंसी
टूंडला। रंजिशन बच्चे की हत्या करने वाले आरोपी परिवार से पीड़ित परिवार दहशत में है। दो वर्ष के मासूम की हत्या के बाद पीड़ित परिवार ने पलायन करने का फैसला कर लिया है।
थाना नगला सिंघी के गांव ठार हाथी निवासी देवेन्द्र उर्फ कल्याण के दो वर्ष के मासूम रूपेंद्र की उसी के खानदान की चाची बर्फी देवी, चचेरे भाई रवि, रॉकी और नाबालिग चचेरी बहन ने रंजिशन गला दबाकर हत्या कर दी थी। वहीं शव को ठिकाने लगाने से पूर्व गेहूं की बोरी के नीचे दबाते हुए त्रिपाल से ढक दिया था। शव को दफन करने के लिए गांव के बाहर गुफा में गड्ढ़ा भी खाेद दिया था। मगर उससे पूर्व ही उनका सारा राज खुल गया था। मामले में पुलिस ने बर्फी देवी, रवि को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है तथा नाबालिग को बाल सुधार गृह नोएडा भेजा है।
इस घटना से पूर्व भी चाचा देवेंद्र उर्फ पप्पू ने परिवार के ही चचेरे नौ वर्षीय भाई हरीश की खेत में करंट लगाकर हत्या कर दी थी। जिसमें वह जेल काट रहा है। जमीन की रंजिश में परिवार के एक के बाद एक दो बच्चों की हत्या किए जाने से देवेंद्र उर्फ कल्याण का परिवार दहशत में आ गया है। डरे, सहमे कल्याण ने बताया कि वह परिवार के साथ गांव से पलायन करेगा। अब वह यहां न रहकर फतेहाबाद के गांव मीठपुरा में अपनी बुआ के यहां रहेगा।
आज होगी समाज की महापंचायत
मासूम की हत्या एवं उससे पूर्व नौ वर्षीय बालक की हत्या के आरोपी परिवार को लेकर निषाद समाज ने महापंचायत करने का निर्णय लिया है। रविवार को माता सीयरदेवी मंदिर प्रांगण में समाज महापंचायत कर आरोपी परिवार के विरुद्ध कडे़ फैसले लेगा। समाज के लोगों का कहना है कि हत्या के आरोप में जेल काट रहे देवेंद्र उर्फ पप्पू की पूर्व में ग्रामीण मदद करते रहे हैं। उसकी खेती व पशु धन का भी पालन करते रहे हैं, जिससे उसके हौंसले बुलंद होते गए। अब कोई आरोपियों की मदद न करे। इसके लिए यह महापंचायत होगी।
मृतक बच्चे के पिता ने घटना से पहले ही अपनी बुआ के गांव में मकान बना लिया है। वह पहले ही गांव छोड़कर जाना चाहता था, लेकिन किसी कारणवश रुक गया था। उसके पलायन करने की बात गलत है।
कृपाल सिंह, थानाध्यक्ष, नगला सिघी, टूंडला