शिकोहाबाद। शहर की सफाई व्यवस्था का जायजा लेने के लिए उप जिलाधिकारी ने निरीक्षण किया। उन्होंने नगर पालिका क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विभिन्न इलाकों का निरीक्षण किया। साथ ही स्थानीय लोगो संवाद भी किया। इसके अलावा उन्होंने नगर पालिका के सफाई निरीक्षकों तथा कर्मचारियों को व्यापक ढंग से वार्डों तथा मुख्य मार्गों पर सफाई करने के निर्देश दिए।
बृहस्पतिवार को उप जिलाधिकारी विवेक मिश्रा शहर की सफाई व्यवस्था का जायजा लेने के लिए निकले। वह नगर पालिका क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एटा चौराहा, एटा तिराहा, बड़ा बजार, गंगानगर, भारतीय स्टेट बैंक चौराहा एवं मैनपुरी रोड तथा मुख्य मार्ग पर पहुंचे। सुबह-सुबह अचानक उप जिलाधिकारी के निरीक्षण से नगर पालिका के सफाई निरीक्षकों एवं कर्मचारियों में भी हड़कंप मच गया। उप जिलाधिकारी ने सफाई व्यवस्था के निरीक्षण में मुख्य रूप से नाले और नालियों की साफ-सफाई तथा खाली पड़े हुए प्लॉटों में कचरा पड़ा देखा।
सफाई व्यवस्था से संतुष्ट न होने पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की। इसके बाद उन्होंने क्षेत्रीय लोगों से सफाई व्यवस्था को लेकर उनका फीडबैक भी लिया। लोगों द्वारा सफाई व्यवस्था को लेकर कई शिकायतें उप जिलाधिकारी से की गईं। जिसके चलते उन्होंने सफाई निरीक्षकों एवं पालिका कर्मचारियों को सख्त लहजे मं निर्देश दिए हैं कि सफाई व्यवस्था में बेहतर सुधार लाएं। अन्यथा कार्रवाई के लिए तैयार रहें। उनके इस निरीक्षण से नगरपालिका कर्मचारी परेशान दिखाई दिए।