फिरोजाबाद। नकली घी की बिक्री की शिकायत पर छापा मारने गई टीम को विरोध झेलना पड़ा। दुकानदार ने व्यापारियों को एकत्रित कर लिया और टीम के खिलाफ व्यापारी हंगामा करने लगे। जब टीम काफी प्रयास के बाद भी चेकिंग नहीं कर पाई तो सैंपल के लिए रुपये देकर बिल से घी का एक डिब्बा खरीदा। वह डिब्बा भी एक्सपायर निकला। टीम द्वारा विक्रेता के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने का मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। वहीं, एक्सपायर सामान बेचने पर नोटिस भेज कर लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई की जा रही है।
शहर के बजरिया स्थित लोहामंडी में कई दिनों से टीम को नकली घी की शिकायत मिल रही थी। ब्रांडेड कंपनी के नाम से नकली घी बेचन की सूचना पर बुधवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के सहायक आयुक्त डॉ. सुधीर सिंह ने टीम को छापा मारने के लिए भेजा। अधिकारियों ने बताया कि छापा मारने पहुंची टीम तो कारोबारी राकेश कुमार ने टीम के सदस्यों को दुकान में नहीं घुसने दिया। अधिकारियों द्वारा परिचय देने पर दुकानदार बिफर गया तथा उसने अन्य दुकानदारों को भी एकत्रित कर लिया। व्यापारियों ने टीम का विरोध करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। इधर दुकानदार ने दुकान के अंदर से सामान हटाना शुरू कर दिया। हंगामे के बाद भी टीम ने काफी प्रयास किया, लेकिन व्यापारी ने टीम को घुसने नहीं दिया। इस पर टीम ने व्यापारी से बिल सहित घी का एक डिब्बा खरीदा। बिल के बाद में जब टीम ने इस डिब्बे को चेक किया तो वो एक्सपायर डेट का निकला।
रिकॉर्डिंग करने पर मोबाइल तोड़ने की धमकी
छापेमारी की कार्रवाई के दौरान टीम में शामिल कुछ लोगों ने मोबाइल निकालने का प्रयास किया। वहां खड़े कुछ लोगों ने धमकी देते हुए कहा कि अगर रिकॉर्डिंग की तो वह मोबाइल को तोड़ देंगे।
शिकायत पर टीम को जांच के लिए भेजा था, वहां पर दुकानदार ने विरोध कर दिया। बड़ी मुश्किल से बिल से उसने घी का एक डिब्बा बेचा। वह डिब्बा भी एक्सपायर निकला। कारोबारी राकेश कुमार के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने एवं एक्सपायरी सामग्री बेचने के मामले में मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। दुकानदार को नोटिस जारी कर लाइसेंस निलंबित किया जा रहा है। वहीं अन्य धाराओं में भी मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। डॉ. सुधीर सिंह, सहायक आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन
खराब गुणवत्ता के तेल में बन रही कचौड़ी
फिरोजाबाद। जलेसर रोड पर कचौड़ी विक्रेताओं के यहां भी खाद्य सुरक्षा एवं औषध प्रशासन ने तेल की गुणवत्ता की जांच की। यहां पर तेल की गुणवत्ता खराब मिली। इन दुकानदारों को भी सख्त हिदायत जारी की गई है। हलाल मार्क वाले उत्पाद की तलाश में भी छापेमारी की गई।