फिरोजाबाद। अपर जिला जज (16) एवं विशेष जज एमपीएमएलए कोर्ट आगरा नीरज गौतम ने फिरोजाबाद के जसराना ब्लाॅक प्रमुख चुनाव के दौरान 2007 में ब्लाॅक परिसर में हुई फायरिंग के दौरान हत्या एवं घायल होने की घटना में पूर्व विधायक रामवीर सिंह को संदेह का लाभ देते हुए दोषमुक्त करार दिया है। मामला थाना जसराना ब्लाॅक में 2007 में हुए ब्लाॅक प्रमुख चुनाव के दौरान का है। पूर्व ब्लाॅक प्रमुख डाॅ. रामपाल सिंह यादव ने थाना जसराना में अभियोग दर्ज कराया था कि उनकी पूर्व विधायक रामवीर सिंह एवं जसराना ब्लाॅक प्रमुख इनाम सिंह यादव से रंजिश चली आ रही थी। पांच नवंबर 2007 को फायरिंग में शशि यादव की मौत हो गई थी। जबकि पूर्व ब्लाॅक प्रमुख रामपाल सहित कई लोग घायल हो गए थे। इस मामले में पूर्व विधायक रामवीर यादव, इनाम सिंह सहित कई के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पूर्व विधायक के चल रहा मुकदमा मुख्य न्यायायिक मजिस्ट्रेट के यहां से आगरा न्यायालय में 2018 में स्थानांतरित हो गया था।
पूर्व विधायक की ओर से पैरवी कर रहे अधिवक्ता राजेश कुलश्रेष्ठ एडवोकेट ने बताया कि इस मामले की सुनवाई अपर जिला जज (16) एवं विशेष जज एमपीएमएलए कोर्ट नीरज गौतम के यहां हुई। अपर जिला जज एवं विशेष जज एमपीएमएलए कोर्ट आगरा नीरज गौतम ने पूर्व विधायक रामवीर यादव को संदेह का लाभ देते हुए दोषमुक्त करार दिया है।